हाथी का आतंक: दूध लेकर घर लौट रही महिला पर हमला! इलाज के दौरान मौत, ग्रामीणों में दहशत! सोलर फेंसिंग की मांग तेज

Elephant Terror: Woman attacked while returning home with milk! Dies during treatment; panic among villagers! Demands for solar fencing intensify.

डोईवाला। देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के थानों इलाके में जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। हाथी अब केवल रात के समय ही नहीं, बल्कि दिन में भी आबादी और खेतों के आसपास पहुंच रहे हैं। हाथियों के कारण फसलों और चारदीवारी को नुकसान पहुंचने के साथ इंसानों पर हमले की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। सोमवार शाम बड़ासी ग्रांट क्षेत्र में हाथी ने एक महिला पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने देहरादून के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, 10 अगस्त की शाम करीब सात बजे 40 वर्षीय अंजली गुप्ता दूध लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान क्षेत्र में घूम रहे जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल देहरादून स्थित कंबाइंड मेडिकल इंस्टीट्यूट (सीएमआई) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालांकि, कुछ घंटे बाद उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला सहित कई जनप्रतिनिधि देर रात अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से एक अकेला हाथी लगातार घूम रहा था। सोमवार को दूध लेने गई महिला पर सड़क पर ही हाथी ने हमला कर दिया, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए डीएफओ और वन विभाग के उच्च अधिकारियों से हाथी पर नियंत्रण कर उसे आबादी क्षेत्र से दूर जंगल में छोड़ने के लिए कहा गया है।

हमले से पहले खेतों में दिखा था हाथी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला पर हमला होने से पहले दिन में सौड़ा सरोली क्षेत्र के खेतों में भी हाथी देखा गया था। हाथी के खेतों में घूमने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी की लगातार मौजूदगी के कारण लोग दिन के समय भी खेतों में जाने से डर रहे हैं। महिला की मौत के बाद गांव में दहशत के साथ आक्रोश भी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से आबादी वाले क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

सोलर फेंसिंग की मांग लंबे समय से लंबित
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगली हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। हाथियों से फसलों और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। ग्रामीण लंबे समय से संवेदनशील इलाकों में सोलर फेंसिंग लगाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम प्रधान राहुल मनवाल ने बताया कि 15 जनवरी को थानों में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के दौरान ग्रामीणों ने डोईवाला एसडीएम और विधायक के सामने भी सोलर फेंसिंग लगाने की मांग उठाई थी। उन्होंने महिला की मौत पर दुख और नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए और संवेदनशील इलाकों में सोलर फेंसिंग की व्यवस्था की जानी चाहिए।