उत्तराखंड:आधार कार्ड इंतजार में, विभाग नींद में!दो महीने तक डाकघर में ही अटक गई डाक,तब खुली विभागीय जांच की फाइल!हंगामे के बाद हुई कार्रवाई, डाककर्मी निलंबित
पिथौरागढ़ जिले के जाराजिबली क्षेत्र में डाक वितरण व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित डाककर्मी को निलंबित कर दिया है। आरोप था कि क्षेत्र में पिछले करीब दो माह से लोगों तक डाक नहीं पहुंचाई जा रही थी, जिसके चलते आधार कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज डाकघर में ही पड़े रहे और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामला उस समय सुर्खियों में आया जब स्थानीय ग्रामीणों ने डाक वितरण में हो रही लापरवाही का विरोध किया। विरोध के दौरान डाककर्मी और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विभागीय अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग उठाई।
शिकायत मिलने के बाद डाक विभाग ने मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट में डाक वितरण में गंभीर अनियमितता और लापरवाही की पुष्टि होने पर विभाग ने संबंधित डाककर्मी पारुल को निलंबित कर दिया। साथ ही क्षेत्र में डाक सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए अतिरिक्त कर्मी की तैनाती भी कर दी गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि समय पर डाक नहीं मिलने से कई लोगों के जरूरी कार्य प्रभावित हुए। खासतौर पर आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेजों की डिलीवरी रुकने से लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े।
अशोक कुमार पाठक, डाक अधीक्षक, पिथौरागढ़ ने इस मामले में कहा कि विभागीय जांच में डाकसेवक पर लगाए गए आरोप सही पाए गए हैं। लंबे समय से डाक का वितरण नहीं किया गया था, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित डाककर्मी को निलंबित कर दिया गया है तथा व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त कर्मी की तैनाती कर दी गई है।