उत्तराखण्डः कंटेंट क्रिएटर भावना आर्या पर जातिसूचक टिप्पणी का मामला! वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस, आरोपित ने मांगी माफी! पीड़िता बोली- सामने आकर कहे सॉरी
रुद्रपुर। देवभूमि उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर जातिगत टिप्पणी और दुर्व्यवहार का एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। मूल रूप से अल्मोड़ा जिले की निवासी और वर्तमान में रुद्रपुर में रह रहीं डिजिटल कंटेंट क्रिएटर भावना आर्या के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक व जातिसूचक टिप्पणी की गई। हालांकि, जब आरोपित व्यक्ति ने वीडियो जारी कर माफी मांग ली है, लेकिन पीड़िता का स्पष्ट कहना है कि सार्वजनिक रूप से अपमानित करने वाला आरोपी सामने आकर माफी मांगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भावना आर्या इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सक्रिय डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं और विभिन्न विषयों पर वीडियो बनाती हैं। उनके एक वीडियो पर शंकर गोस्वामी नामक यूजर ने बेहद आपत्तिजनक, अमर्यादित और जातिसूचक टिप्पणी की। अपने स्वाभिमान पर हुए इस हमले के खिलाफ जब भावना शिकायत दर्ज कराने स्थानीय पुलिस चौकी पहुंचीं, तो पुलिसकर्मियों ने मामले को कथित रूप से यह कहकर टाल दिया कि संबंधित आईडी ‘फेक’ है। पुलिस की इस अनदेखी और उपेक्षा से आहत होकर भावना ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा की। भावना आर्या का दर्द भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। देखते ही देखते प्रदेश के युवाओं, सामाजिक संगठनों ने पुलिस के रवैये पर तीखे सवाल खड़े कर दिए।
इधर सोशल मीडिया पर मामला बढ़ता देख पुलिस हरकत में आई। पीड़िता के अनुसार, पुलिसकर्मी स्वयं उनके घर पहुंचे और उन्हें थाने ले जाकर पूरी बात सुनी। आदर्श कॉलोनी चौकी इंचार्ज को सौंपी गई लिखित तहरीर में भावना आर्या ने स्पष्ट किया कि आरोपी शंकर गोस्वामी निवासी अल्मोड़ा ने उनके फेसबुक पेज पर खुलेआम जातिसूचक गालियां लिखीं। पीड़िता का आरोप है कि इस एक टिप्पणी के बाद से उनके पेज पर लगातार नकारात्मक टिप्पणियों की बाढ़ आ गई, जिससे उनका मानसिक उत्पीड़न हुआ। तहरीर में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई है। वहीं मामला तूल पकड़ते ही आरोपित शंकर गोस्वामी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए एक वीडियो के माध्यम से माफी मांगी है। हालांकि, भावना आर्या ने इसे अपर्याप्त बताया है।
भावना का कहना है कि जिस तरह हजारों लोगों के सामने उनकी जाति और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई गई, उसी तरह आरोपित को सामने आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी। इधर अपने समर्थकों का आभार जताते हुए भावना ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि अगले चार दिनों के भीतर इस मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वह न्याय के लिए दोबारा सड़कों और सोशल मीडिया पर अपनी लड़ाई जारी रखेंगी।