Oct 24, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखण्डः अखिलेश के ‘घुसपैठिया’ वाले बयान पर देवभूमि में उबाल! सीएम धामी ने याद दिलाया रामपुर तिराहा कांड, कांग्रेस से भी मांगा जवाब

Uttarakhand: Uproar in the 'Land of Gods' (Devbhoomi) over Akhilesh's 'infiltrator' remark! CM Dhami recalls the Rampur Tiraha incident and demands an explanation from the Congress as well.

देहरादून। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान को लेकर उत्तराखंड का सियासी पारा एकाएक चढ़ गया है। उत्तर प्रदेश में रह रहे उत्तराखंड मूल के लोगों को लेकर दिए गए बयान में ‘घुसपैठिया’ शब्द के प्रयोग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा ऐतराज जताया है। मुख्यमंत्री धामी ने इसे देवभूमि के स्वाभिमान और राज्य निर्माण के लिए हुए ऐतिहासिक संघर्ष का सीधा अपमान करार देते हुए समाजवादी पार्टी के साथ-साथ उसकी सहयोगी कांग्रेस पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला है। मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के शांतिप्रिय और राष्ट्रवादी लोगों को घुसपैठिया कहना अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है। धामी ने दो टूक शब्दों में कहा कि उत्तराखंड के स्वाभिमानी नागरिक इस तरह का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि देवभूमि के लोगों ने अपनी पहचान, संस्कृति और अधिकारों के लिए लंबा और कठिन संघर्ष किया है, जिसे किसी भी गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी से कमतर नहीं आंका जा सकता। सीएम धामी ने राज्य आंदोलन के काले अध्याय को याद करते हुए सपा के शीर्ष नेतृत्व पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता आज भी उस दौर को नहीं भूली है, जब अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उस दौरान अलग राज्य की मांग कर रहे निहत्थे आंदोलनकारियों पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा पर बर्बरतापूर्वक गोलियां चलवाई गई थीं और राज्य आंदोलनकारियों पर अमानवीय अत्याचार हुए थे। सीएम धामी ने तीखा तंज कसते हुए कहा, पिता के शासनकाल में उत्तराखंड के आंदोलनकारियों पर बर्बरता से गोलियां चलाई गईं और आज उनके पुत्र उत्तराखंड के निवासियों को घुसपैठिया कह रहे हैं। देवभूमि के लोग अपने पुरखों के बलिदान और संघर्ष को कभी नहीं भूल सकते। इस पूरे प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को भी कठघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर एक-दूसरे के राजनीतिक साझेदार हैं। ऐसे में कांग्रेस को इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। धामी ने सवाल दागते हुए कहा, क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के इस अपमानजनक बयान का समर्थन करती है? क्या उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहा जाना कांग्रेस को स्वीकार है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस इस मामले में देवभूमि की जनता को स्पष्ट जवाब दे।