Oct 26, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखण्डः वायरल ऑडियो मामले में बड़ा एक्शन! कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई और पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर FIR दर्ज

Uttarakhand: Major action in the viral audio case! FIR registered against Congress MLA Pritam Singh’s brother and a former block chief.

देहरादून। चकराता विधानसभा क्षेत्र में कथित धमकी भरे वायरल ऑडियो मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। त्यूणी के ग्राम छुमरी निवासी पीड़ित बालक राम की तहरीर के आधार पर चकराता से कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजपाल सिंह के खिलाफ त्यूणी थाने में गाली-गलौज और आपराधिक धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। ऊर्जा निगम में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत पीड़ित बालक राम का आरोप है कि आरोपियों ने फोन पर उनसे अभद्रता की। उन पर दबाव बनाया गया कि वे अपनी दोनों बेटियों को कांग्रेस पार्टी में शामिल कराएं। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गया, जिसके बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई। घटना के बाद पीड़ित बालक राम ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान व अन्य भाजपा नेताओं के साथ देहरादून में एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल से मिलकर शिकायती पत्र सौंपा था। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं संज्ञान लिया और पीड़ित की बेटी से फोन पर बात कर सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई का पूरा भरोसा दिलाया। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि तहरीर और प्राथमिक तथ्यों के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने वायरल ऑडियो और साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।