उत्तराखण्ड में विजिलेंस का बड़ा एक्शनः 80 हजार की रिश्वत लेते जेई रंगे हाथ गिरफ्तार! बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर रखी थी डिमांड, टीम ने जाल बिछाकर पकड़ा

Uttarakhand Vigilance takes major action: JE arrested red-handed while accepting a bribe of 80,000! The demand was made in the name of securing an electricity connection, but the team laid a trap and

देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विजिलेंस टीम के मुताबिक आरोपी अधिकारी उपभोक्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन दिलाने और विद्युत भार बढ़ाने के नाम पर अवैध धनराशि मांग रहा था। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजली घर में तैनात अवर अभियंता अतुल कुमार उससे बिजली कनेक्शन जारी करने और लोड बढ़ाने की एवज में 80,000 रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। मंगलवार को टीम ने ट्रैप ऑपरेशन के दौरान आरोपी जेई अतुल कुमार को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने मौके पर ही आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में ले लिया। सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में अन्य कोई कर्मचारी या अधिकारी संलिप्त तो नहीं है।