उत्तराखण्डः कल ऊधम सिंह नगर जिले के दौरे पर रहेंगे केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान! कई अहम कार्यक्रमों में होंगे शामिल, पुलिस और प्रशासनिक अमला अलर्ट

Uttarakhand: Union Agriculture Minister Shivraj Singh Chouhan to visit Udham Singh Nagar district tomorrow! He will participate in several key events; police and administrative personnel are on alert

रुद्रपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 12ः55 पर रुद्रपुर के गांधी मैदान पहुंचेंगे। यहां वह खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद वह पंत विवि में तमाम कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धामी सुबह 7ः15 बजे अपने निजी आवास नगला तराई, खटीमा से प्रस्थान करेंगे। इसके बाद वह लोहियाहेड हेलीपैड पहुंचकर हेलीकॉप्टर के माध्यम से पंतनगर के लिए रवाना होंगे। सुबह 7ः45 बजे मुख्यमंत्री पंतनगर हवाई अड्डे पहुंचेंगे, जहां केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के स्वागत कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री धामी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सुबह 8ः25 बजे गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर स्थित तराई भवन पहुंचेंगे। यहां विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों में भाग लेने के बाद दोनों नेता गांधी हॉल पहुंचेंगे, जहां पूर्व छात्र सम्मेलन में सहभागिता करेंगे। पूर्व छात्र सम्मेलन में विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र, कृषि वैज्ञानिक, शिक्षाविद और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन में कृषि अनुसंधान, नवाचार और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रुद्रपुर के गांधी मैदान में आयोजित केंद्रीय योजनाओं के लोकार्पण एवं:खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। इस दौरान किसानों और ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। सरकारी सूत्रों के अनुसार यह कार्यक्रम किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती और कृषि संरक्षण के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोपहर में पंतनगर स्थित तराई भवन में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े विषयों पर अधिकारियों, विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों के साथ विचार.विमर्श करेंगे। बैठक में कृषि क्षेत्र की चुनौतियों, किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण बुनियादी ढांचे और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा होने की संभावना है। दोपहर बाद मुख्यमंत्री धामी रुद्रपुर स्थित होटल रेडिसन में आयोजित ‘राइजिंग रुद्रपुर कॉन्क्लेव’ में भी भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में उद्योग, निवेश, कृषि आधारित उद्योगों और क्षेत्रीय विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। अधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।