उत्तराखण्डः हरिद्वार पहुंचे सीएम धामी, हेलीकॉप्टर से की कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा! चरण धोकर किया शिवभक्तों का सम्मान
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर पवित्र कांवड़ मेले में शामिल शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा कर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्तों का स्वागत किया। आसमान से हुई पुष्पवर्षा से कांवड़ियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और हरिद्वार की सड़कों पर हर-हर महादेव के जयघोष गूंज उठे। पुष्पवर्षा के बाद मुख्यमंत्री धामी स्वयं कांवड़ियों के बीच पहुंचे और उनका अभिनंदन किया। उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों के चरण धोकर उनका सम्मान किया और उनकी कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं सफल संपन्न होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ियों में भगवान शिव का स्वरूप दिखाई देता है और उनकी सेवा करना भगवान शिव की सेवा करने के समान है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से उन्हें कांवड़ मेले के दौरान शिवभक्तों की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। इसके बाद एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में कांवड़ियों के लिए लगाए गए भंडारे का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मेले के दौरान बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान भी किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों के कष्टों को दूर करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव को केवल एक लोटा जल अर्पित करने से भी भक्तों को आस्था और विश्वास की शक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह सेवा, समर्पण और मानवता का भी उत्सव है। मुख्यमंत्री के अनुसार इस वर्ष एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्यों की ओर लौट चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस सांसद पप्पू यादव और उनके साथियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में संतों को बदनाम करने का प्रयास किया गया और ऐसे लोगों की सनातन के प्रति सोच सही नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग सनातन और आस्था के मार्ग में बाधा डालने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि वह मां गंगा से ऐसे लोगों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करते हैं।