गदरपुर गोलीकाण्ड: पुरानी रंजिश में फायरिंग करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार! अवैध पिस्टल-तमंचा, कारतूस और दो स्कॉर्पियो वाहन बरामद

Gadarpur Shooting Incident: Four accused arrested for opening fire due to an old rivalry; illegal pistols, country-made guns, ammunition, and two Scorpio vehicles seized.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने गदरपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध देशी पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस, दो स्कॉर्पियो वाहन और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आयुध अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को कोतवाली गदरपुर में सहजपाल सिंह निवासी ग्राम बेरिया दौलत, थाना केलाखेड़ा ने तहरीर देकर बताया था कि जुलाई माह में बाजपुर क्षेत्र में हुई पुरानी मारपीट की रंजिश को लेकर 26 जुलाई की शाम करीब 5:50 बजे सरदार नगर अंडरपास कट के पास कुछ लोगों ने उन पर और उनके साथियों पर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने फायरिंग की, जिसमें उनके मित्र गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लग गई, जबकि सहजपाल सिंह और उनके साथी सौरभ बाबा के साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया। इस मामले में कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने वांछित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक काशीपुर, पुलिस अधीक्षक अपराध रुद्रपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली गदरपुर पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 3 अगस्त को हरिपुरा जलाशय के पास गूलरभोज क्षेत्र से चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर सिंह विर्क निवासी मुकंदपुर डेरा, आकाशदीप सिंह निवासी सरोवर नगर, प्रशांत सिंह उर्फ मनी उर्फ पिद्दी निवासी वार्ड नंबर-2 गदरपुर तथा सौरभ कुमार निवासी शिवपुरी, थाना केलाखेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक बांस का डंडा तथा घटना में प्रयुक्त दो काली स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए हैं। जांच के दौरान पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 3(5) और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 की भी बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से कुछ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ मारपीट, आईटी एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब इस पूरे मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी लगातार दबिश दे रही है, ताकि घटना में शामिल सभी लोगों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।