उत्तराखण्डः मौसम ने लिया यू-टर्न! पहाड़ों पर बिछी बर्फ की सफेद चादर, कई जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

Uttarakhand: The weather takes a U-turn! A blanket of snow covers the mountains, with several districts on alert for rain and snowfall.

देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम के बदले मिजाज से तापमान में खासी गिरावट देखने को मिल रही है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में सुबह बर्फबारी हुई, जिससे एक बार फिर ठण्ड का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। वहीं हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी क्रम में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी तेज हवाओं के साथ मौसम बिगड़ सकता है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। मौसम विभाग ने सात जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।