उत्तराखण्डः हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला निकला नशेड़ी!डायल 112 पर कॉल कर फैलाई दहशत, पुलिस ने 12 घंटे में पकड़ा आरोपी
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार को बम धमाके से उड़ाने की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने डायल 112 पर फोन कर हरकी पैड़ी समेत हरिद्वार के कई प्रमुख स्थानों को अगले चार दिनों के भीतर बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी दी थी। इस सनसनीखेज कॉल के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड पर आ गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा, थाना यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। आरोपी को रोडीबेलवाला क्षेत्र से दबोचा गया। पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में यह हरकत करने की बात स्वीकार की है। एसएसपी नवनीत ने बताया कि बीती 17 मई की रात सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार के डायल 112 पर एक अज्ञात कॉलर द्वारा फोन कर आगामी चार दिनों के भीतर हरिद्वार को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी दी गई थी। कॉलर ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देश और राज्य के शीर्ष पदाधिकारियों के संबंध में भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। इतना ही नहीं, कॉल रिसीव करने वाली महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की गई।
आरोपी लगातार कई बार फोन कर हरकी पैड़ी सहित विभिन्न स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी देता रहा। उसने राज्य के कई बड़े नेताओं के नाम लेकर अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज भी की। धमकी भरे कॉल के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल हरकी पैड़ी क्षेत्र सहित संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच की जिम्मेदारी एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई। पुलिस ने त्वरित तकनीकी जांच के जरिए धमकी देने वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस किया, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और घटना के समय अत्यधिक शराब के नशे में था। नशे की हालत में उसने डायल 112 पर झूठी और भ्रामक सूचना देकर दहशत फैलाने की कोशिश की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को झूठी सूचना देकर भ्रम फैलाना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।