उत्तराखण्डः पाताल भुवनेश्वर गुफा में 5 दिन नहीं होंगे दर्शन! ASI के निर्देश पर शुरू होगा निर्माण कार्य, 3 अप्रैल से फिर खुलेंगे कपाट

Uttarakhand: The Patal Bhuvaneshwar Caves will be closed for five days! Construction work will resume under the ASI's direction, and the doors will reopen on April 3rd.

गंगोलीहाट। विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक और  दर्शनीय पर्यटन स्थल पाताल भुवनेश्वर गुफा के भीतर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सीढ़ियों का नवनिर्माण कार्य किया जाना है। इसके चलते आगामी 29 मार्च से 02 अप्रैल तक गुफा को पांच दिनों के लिए पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) देहरादून मंडल के अधिशासी अभियंता के आदेशानुसार, गुफा के संकरे रास्तों पर नई सीढ़ियों के निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाएगा। निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर कमेटी ने इस अवधि में दर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। मंदिर कमेटी के महासचिव जगत रावल और अध्यक्ष नीलम भंडारी ने बताया कि गुफा के भीतर आवागमन को और अधिक सुगम बनाने के लिए यह कार्य अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि 29 मार्च से 02 अप्रैल 2026 तक गुफा के भीतर किसी भी श्रद्धालु को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। कमेटी ने दूर-दराज से आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों से अनुरोध किया है कि वे इस सूचना के आधार पर ही अपनी यात्रा का कार्यक्रम तय करें। 03 अप्रैल 2026 को सुबह से गुफा के कपाट पूर्व की भांति दर्शन हेतु पुनः खोल दिए जाएंगे। प्रशासन और मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं को होने वाली असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है।