उत्तराखण्डः तेज रफ्तार ने छीन ली तीन घरों की खुशियां! ट्रक ने बाइक सवार तीन किशोरों को कुचला, तीन मौतों से गांव में पसरा मातम

Uttarakhand: Speeding stole the joys of three families! A truck crushed three teenagers riding a bike, leaving the village in mourning over the deaths.

रुड़की। रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन किशोरों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीनों नाबालिगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है। घटना मंगलौर क्षेत्र के पीरपुरा गांव के अंडरपास की है। बताया जा रहा है कि तीनों किशोर बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे अंडरपास के पास पहुंचे, हरिद्वार की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार कैप्सूल ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो किशोरों 16 वर्षीय अयान और 17 वर्षीय मोहम्मद रकीब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा साथी मोहम्मद साकिब गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस हादसे में तीनों किशोरों की जान चली गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं फरार चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर जैसे ही इस हादसे की खबर पीरपुरा गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है और हर किसी की आंखें नम हैं।