उत्तराखण्डः कालाढूंगी में स्कूली बच्चों का बवाल! बीच सड़क जमकर चले लात-घूंसे, 15 मिनट तक मचा हंगामा, वीडियो वायरल
कालाढूंगी। कालाढूंगी के मुख्य बस स्टैंड पर उस समय एकाएक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अटल आदर्श इंटर कॉलेज कालाढूंगी के एक दर्जन से अधिक छात्र आपस में भिड़ गए। बच्चों के बीच सड़क पर ही जमकर मारपीट हुई। देखते ही देखते मौके पर हंगामा बढ़ गया और छात्रों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। इस दौरान बच्चों ने एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज भी की। सड़क पर करीब 15 मिनट तक चले इस विवाद के कारण बस स्टैंड और आसपास के बाजार में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर अटल आदर्श इंटर कॉलेज के एक दर्जन से अधिक छात्र कालाढूंगी मुख्य बस स्टैंड के पास मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। छात्र एक-दूसरे पर टूट पड़े और सड़क के बीच ही लात-घूंसे चलने लगे। विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर गाली-गलौज भी की गई। अचानक सड़क पर छात्रों के बीच हुई मारपीट से आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर भी सकते में आ गए। काफी देर तक किसी को समझ नहीं आया कि आखिर छात्रों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ। हंगामा बढ़ने के साथ ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कई राहगीर और दुकानदार सड़क किनारे खड़े होकर पूरे घटनाक्रम को देखने लगे। स्कूली बच्चों के बीच सड़क पर करीब 15 मिनट तक चले विवाद का असर यातायात पर भी पड़ा।
मारपीट के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। बस स्टैंड क्षेत्र में पहले से मौजूद लोगों की भीड़ और सड़क पर छात्रों के झगड़े के चलते बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने छात्रों के बीच हो रही मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया और तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में छात्रों का समूह आपस में विवाद और मारपीट करता दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही मारपीट कर रहे बच्चे वहां से भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और घटना में शामिल छात्रों की पहचान करने की कार्रवाई शुरू की। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, छात्रों के बीच विवाद की यह पहली घटना नहीं थी। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी बच्चों के बीच दो बार विवाद हो चुका था। गुरुवार को पुराना विवाद एक बार फिर बढ़ गया और देखते ही देखते छात्रों के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। मामले को लेकर कालाढूंगी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है। संबंधित बच्चों के परिजनों को कोतवाली बुलाया गया है। पुलिस बच्चों से बातचीत कर विवाद की वजह जानने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि बच्चों की काउंसलिंग कराई जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।