उत्तराखण्ड में फिर बिगड़ेगा मौसम का मिजाज! कल 26 सितंबर को नैनीताल में रेड अलर्ट, स्कूलों की छुट्टी के आदेश
देहरादून। उत्तराखंड में सितंबर के आखिरी दिनों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य में 25 से 28 सितंबर के बीच बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 26 सितंबर को मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है। इस दिन उत्तराखंड के लिए अत्यधिक भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है, जबकि 27 सितंबर को भी कई इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने भी संवेदनशील जिलों में एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। नैनीताल में 26 सितंबर के लिए रेड अलर्ट को देखते हुए जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा एक से 12 तक की कक्षाएं स्थगित रखने का आदेश जारी किया गया है। जिले के आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

मौसम विभाग की ओर से 25 सितंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल में 26 सितंबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका है। प्रशासन के अनुसार इस तरह के मौसम में नदियों, नालों और गधेरों में अचानक जल प्रवाह बढ़ सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने का फैसला लिया गया है। 26 सितंबर, शनिवार को नैनीताल जिले में कक्षा एक से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के मुताबिक विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।