एमबीपीजी छात्रसंघ चुनावः नामांकन के दौरान भारी बवाल! तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की, पुलिस को फटकारनी पड़ी लाठियां
हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े मोतीराम बाबूराम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एमबीपीजी) में छात्रसंघ चुनाव का बिगुल बजते ही चुनावी माहौल गरमा गया। शुक्रवार को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत सभी 11 पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया कराई गई। नामांकन को लेकर कॉलेज परिसर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन इसके बावजूद कॉलेज के बाहर छात्र नेताओं और उनके समर्थकों ने जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। नारेबाजी को लेकर पुलिस और छात्रों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को संभाल लिया और किसी बड़ी अप्रिय स्थिति को टाल दिया। पुलिस और कॉलेज प्रशासन की ओर से नामांकन के दौरान जुलूस और शक्ति प्रदर्शन नहीं करने के निर्देश पहले ही जारी किए गए थे। इसके बावजूद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी समर्थकों के साथ कॉलेज के आसपास पहुंचे और नारेबाजी करते हुए शक्ति प्रदर्शन किया। समर्थकों की भीड़ बढ़ने के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और छात्रों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और छात्र नेताओं के बीच बहस हुई और कुछ समय के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। छात्रसंघ चुनाव के नामांकन को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं एमबीपीजी कॉलेज पहुंचे और मौके पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नामांकन स्थल के साथ-साथ कॉलेज के आसपास तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए छात्र नेताओं को पहले ही बिना अनुमति जुलूस और प्रदर्शन नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की ओर से रैलियां और प्रदर्शन किए गए। उन्होंने बताया कि रैली और प्रदर्शन में शामिल छात्र नेताओं को चिन्हित किया जा रहा है। इसके साथ ही रैली में इस्तेमाल किए गए वाहनों के नंबर भी पुलिस ने नोट किए हैं। एसपी सिटी ने कहा कि छात्रों को किसी भी तरह की अराजकता नहीं फैलाने के निर्देश दिए गए थे। यदि किसी ने इन निर्देशों का उल्लंघन किया है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला
एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव में इस बार अध्यक्ष पद का मुकाबला खासा दिलचस्प हो गया है। अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और एबीवीपी से अलग होकर चुनाव मैदान में उतरे एक प्रत्याशी के बीच मुकाबला बताया जा रहा है। बागी प्रत्याशी के मैदान में उतरने से अध्यक्ष पद का मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। इससे छात्र राजनीति में चुनावी समीकरण भी बदलते नजर आ रहे हैं। नामांकन के पहले ही दिन प्रत्याशियों के समर्थकों की सक्रियता और शक्ति प्रदर्शन से संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में कॉलेज परिसर में चुनावी गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।