Sep 25, 2026 Login

उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट: 26 सितंबर को ऊधम सिंह नगर के सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद 

Red alert for heavy rain in Uttarakhand: All schools and Anganwadi centers in Udham Singh Nagar to remain closed on September 26.

रूद्रपुर। उत्तराखंड में जाते-जाते मानसून ने एक बार फिर अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 26 और 27 सितंबर 2026 को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम के इस तल्ख मिजाज और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऊधम सिंह नगर जिला प्रशासन ने 26 सितंबर (शनिवार) को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी ने सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए स्पष्ट आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत शनिवार, 26 सितंबर को जिले में संचालित समस्त शासकीय, अर्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) और सभी पंजीकृत आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए छुट्टी रहेगी। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि सभी तहसीलें और संबंधित विभाग इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराएं। यदि कोई भी निजी या सरकारी विद्यालय आदेश का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मैदानी इलाकों, विशेषकर ऊधम सिंह नगर की नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही, मौसम विभाग ने गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तीव्र से अति तीव्र बौछारें पड़ने की चेतावनी भी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 25 सितंबर से शुरू हुआ यह बारिश का सिलसिला 1 अक्टूबर तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों, खासकर कुमाऊं मंडल में बना रहेगा। 26 से 30 सितंबर के बीच मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों में भारी बारिश देखने को मिलेगी। इसके अलावा, 26, 27 और 28 सितंबर को 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले उच्च हिमालयी क्षेत्रों (जैसे हेमकुंड साहिब व आसपास के इलाके) में बर्फबारी होने की भी प्रबल संभावना जताई गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों, तीर्थयात्रियों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।