उत्तराखण्डः उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी में यमुना में बनी झील को लेकर लोगों में आक्रोश! पानी के बीच उतरकर किया प्रदर्शन, राफ्ट से पहुंचे डीएम

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर बनी झील से परेशान लोगों ने आज पानी में उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गुस्साए लोगों ने कहा कि यदि पहले से बनी झील को उसी दौरान समय रहते साफ कर दिया होता और नदी को ठीक से चैनलाइज किया गया होता तो आज यह भयावह स्थिति पैदा नहीं होती। आज उनका सब कुछ पानी में डूब गया है, जिसके चलते उन्हें दूसरी जगह शरण लेनी पड़ी है। प्रदर्शनकारी लोगों ने बताया कि बीती 28 जून की रात को भी यहां अस्थायी झील बनी थी, लेकिन उसे हल्के में लिया गया और समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते आज स्थिति विकराल हुई है। जिसका सामना स्थानीय लोगों को करना पड़ रहा है। बता दें कि यमुनोत्री हाईवे पर स्थित स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर बनी झील से यमुनोत्री धाम समेत गीठ पट्टी के 12 गांवों के करीब 8000 ग्रामीणों का तहसील मुख्यालय से संपर्क कट गया है। स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर बनी झील के कारण मोटर पुल और कुछ सड़क का हिस्सा जलमग्न होने से क्षेत्र की आवाजाही बंद हो गई है। लोगों ने इसके लिए जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए नारेबाजी की। ग्रामीणों के आक्रमक रुख को देखकर प्रशासन के भी हाथ पैर फूल गए। राफ्ट से ग्रामीणों के बीच पहुंचे डीएम, विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष को भी आपदा प्रभावितों के भारी विरोध को झेलना पड़ा। डीएम ने झील को जल्द खोलने और हर संभव सहायता दिए जाने का आश्वास दिया।