उत्तराखंड: दीपावली के बाद मोबाइल वैन से आटा बेचेगा नेफेड! प्रदेश को मिला 600 टन का कोटा
प्याज की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए बाजार में उतरा राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ (नेफेड) मोबाइल वैन के माध्यम से गली-गली में 25 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज बेच रहा है। दीपावली के बाद आम लोगों को आटा भी बेचेगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने प्रदेश को 600 टन आटा का कोटा जारी किया है। प्रति किलो 27.50 रुपये की दर से आटा उपलब्ध कराया जाएगा। नेफेड के शाखा प्रबंधक अमित शुक्ला ने बताया कि प्याज के बाद केंद्र सरकार का पूरा ध्यान सस्ती दर पर आटा उपलब्ध कराने पर है। मोबाइल वैन के माध्यम से इन दिनों प्याज की बिक्री की जा रही है। इसी तरह आटा भी बेचा जाएगा। इसके लिए 10 किलो व 50 किलो के पैकेट उपलब्ध होंगे। नेफेड के शाखा प्रबंधक अमित शुक्ला के अनुसार, प्याज का स्टाक विभाग के पास मांग के अनुसार उपलब्ध है लेकिन लेबर समय पर न मिलने से पैकिंग कराने में समस्या आ रही है। कम से कम रोजाना 1000 पैकेट बनवाने जरूरी हैं। लक्ष्य यही है कि हर ब्लाक में समय पर मोबाइल वैन पहुंचे और मांग के अनुसार प्याज की उपलब्धता कराई जा सके।