उत्तराखण्डः मेडिकल छात्रा की मौत का मामला! डॉ. तन्वी केस में जांच तेज, कॉलेज से मांगी गई पूरी एकेडमिक डिटेल! सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
देहरादून। श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज की छात्रा डॉ. तन्वी आत्महत्या केस में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस घटना के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और अब हर पहलू को बारीकी से खंगाला जा रहा है। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को नोटिस जारी करते हुए छात्रा के दाखिले से लेकर अब तक की पूरी एकेडमिक जानकारी मांगी है। इसमें पीजी के परीक्षा परिणाम, एमबीबीएस डिग्री और कॉलेज की विभिन्न गतिविधियों में उसकी भागीदारी से जुड़ी जानकारी शामिल है। गौरतलब है कि 24 मार्च की रात डॉ. तन्वी ने अपनी कार के अंदर इंजेक्शन लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी। इस घटना के बाद परिजनों ने कॉलेज की एचओडी पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके चलते पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है। जांच के क्रम में पुलिस ने एचओडी के बयान भी दर्ज किए हैं और मामले से जुड़े हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। इसके साथ ही घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े हर तथ्य को स्पष्ट किया जा सके। पुलिस यहीं नहीं रुकी है। डॉ. तन्वी के साथ पढ़ने वाले साथी डॉक्टरों को भी थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि छात्रा किन परिस्थितियों से गुजर रही थी। इस पूरे मामले पर कॉलेज प्रशासन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. उत्कर्ष शर्मा का कहना है कि प्रशासन पूरी निष्पक्षता के साथ जांच में सहयोग कर रहा है और सभी तथ्यों का गहन अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी पर आरोप लगाना उचित नहीं है। वहीं ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी की ओर से भी एचओडी के समर्थन में बयान जारी किया गया है, जिससे मामला और भी चर्चा में आ गया है। सीओ सदर अंकित कंडारी के अनुसार पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है, चाहे वह एकेडमिक रिकॉर्ड हो, सीसीटीवी फुटेज या फिर करीबी लोगों से पूछताछ। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस संवेदनशील मामले में सच कब और कैसे सामने आएगा।