उत्तराखण्डः अल्मोड़ा के सल्ट में बड़ा हादसा! लेबर लेकर जा रहा पिकअप वाहन गहरी खाई में गिरा, पांच लोग घायल
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के सल्ट में आज शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां डोटियाल से सराईखेत की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से पांच लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार आज पिकअप वाहन सल्ट में काम करने के लिए लेबर को लेकर जा रहा था। डोट्याल गांव से करीब 3 किलोमीटर पहले सामने से आ रही एक बस को पास देने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप वाहन गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को खाई से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए देवायल सल्ट भेजा। हादसे में वाहन चालक साकम सिंह, राजेंद्र सिंह, सुभाष, चंद्रसेन सैनी और विजेंद्र सिंह घायल हो गए। सभी घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर करते हुए रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने सड़क की हालत सुधारने की मांग तेज कर दी है।