उत्तराखण्डः कुमाऊं एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई! गदरपुर में मेडिकल स्टोर पर छापा, प्रतिबंधित नशीली दवाओं का जखीरा बरामद

Uttarakhand: Kumaon Special Task Force (STF) conducts a major raid on a medical store in Gadarpur, seizing a cache of banned drugs.

रुद्रपुर। उत्तराखड के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने जनपद के एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा बरामद किया है। टीम ने मेडिकल स्टोर मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया कि एसटीएफ टीमों को राज्य में नशे का कारोबार कर रहे अपराधियों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिये गये थे। इसी के तहत एएसपी एसटीएफ विवेक कुमार के पर्यवेक्षण में सीओ एसटीएफ आरबी चमोला के दिशा-निर्देशन में निरीक्षक विकास चौधरी के नेतृत्व में टीम ने कोतवाली गदरपुर क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित मेडिकल स्टोर कुमार मेडिकल हॉल में छापा मारा। इस कार्रवाई में ड्रग इंस्पेक्टर एवं संबंधित थाना पुलिस की टीम भी शामिल रही। टीम ने मेडिकल स्टोर से बड़ी मात्रा में प्रतिबन्धित नशीले कैप्सूल, गोलियों, कफ सीरप बरामदगी की। एसटीएफ ने मेडिकल स्टोर स्वामी राजकुमार पुत्र बनवारी लाल निवासी वार्ड 1, गदरपुर को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने मेडिकल स्टोर मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई कर रही। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नशा तस्करी करने वालों की सूचना दें। एसटीएफ की लगातार ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। टीम में निरीक्षक विकास चौधरी, एसआई विपिन चन्द्र जोशी, एसआई कृष्ण गोपाल मठपाल, जीतेन्द्र कुमार, किशन चन्द्र के अलावा ड्रग इन्सपेक्टर निधि शर्मा, एसआई नरेश चन्द्र पंत, दिनेश रावत, दिनेश विष्ट आदि शामिल रहे।