उत्तराखण्डः यूपी से हो रही थी अवैध हथियारों की तस्करी! पुलिस ने एक आरोपी दबोचा, 4 तमंचे और 40 कारतूस बरामद

Uttarakhand: Illegal weapons were being smuggled from Uttar Pradesh! Police arrested one suspect, recovered four pistols and 40 cartridges.

रुड़की। हरिद्वार से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां खानपुर पुलिस को चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। दरअसल, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना खानपुर पुलिस उत्तर प्रदेश के बिजनौर बॉर्डर क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी, जिस पर दो लोग सवार थे। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बैरियर लगाकर पीछा किया और बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति को पकड़ लिया, जो गिरकर मौके पर ही दबोच लिया गया। जबकि बाइक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए। इनमें 3 देशी तमंचे 315 बोर, 1 देशी तमंचा 12 बोर और 40 जिंदा कारतूस शामिल हैं। आरोपी की पहचान शमशेर, निवासी ग्राम करणपुर, थाना खानपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह ये अवैध हथियार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र से लेकर आया था और इन्हें हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में बेचने की फिराक में था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल रहा है। मामले का खुलासा करते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता से यह बड़ी सफलता मिली है। साथ ही फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई से साफ है कि हरिद्वार पुलिस अवैध हथियारों के कारोबार पर सख्ती से नकेल कसने में जुटी है और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।