उत्तराखण्डः नहीं थम रहा मानव-वन्यजीव संघर्ष! अब भीमताल में चारा लेने गई महिला को बनाया निवाला, दहशत में ग्रामीण
नैनीताल। उत्तराखण्ड में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन गुलदार और बाघ लोगों को निवाला बना रहे हैं, जिससे हर किसी में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है। ताजा मामला नैनीताल के भीमताल से सामने आया है, यहां ग्राम पंचायत सूर्यागांव के तोक सूर्याजाला में शुक्रवार की शाम मवेशियों के लिए जंगल चारा लेने जा रही एक महिला को घर के पास से वन्य जीव उठा ले गया। इस दौरान परिजनों ने काफी शोर मचाया, लेकिन वन्य जीव महिला को जंगल की तरफ लेकर चला गया। देर रात महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में जंगल में पड़ा मिला। लोगों का कहना है महिला को गुलदार ने निवाला बनाया है, हांलाकि वन विभाग डीएनए रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। जानकारी के अनुसार सूर्यागांव के तोक सूर्याजाला निवासी 55 वर्षीय हंसी देवी पत्नी लाल सिंह सूर्या शुक्रवार की शाम चार बजे चारा लेने के लिए जंगल जा रही थी। घर से कुछ दूरी पर घात लगाए बैठे वन्य जीव ने हंसी देवी पर अचानक हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। महिला को जंगल की तरफ ले जाता देख परिजन और ग्रामीण शोर मचाते हुए जंगल की ओर भागे। काफी देर खोजबीन के बाद महिला का शव जंगल में पड़ा मिला। घटना के बाद वन कर्मियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। मामले में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने वन विभाग के अधिकारियों को टीम भेजकर वन्यजीव को पकड़ने के निर्देश दिए हैं साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने की बात कही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।