उत्तराखण्डः गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकाण्ड! फरार आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित, पुलिस ने जारी किए पोस्टर
देहरादून। बहुचर्चित गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकाण्ड मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए फरार चल रहे तीन शूटर समेत 6 आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित कर दिया गया है। साथ ही दून पुलिस ने सभी 06 आरोपियों के फोटो ओर डिटेल के साथ मोस्ट वांटेड वांछित इनामी अपराधी का पोस्टर जारी किया है। खबरों की मानें तो आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर इनाम की राशि बढ़ाई जा सकती है।देहरादून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि बदमाशों के बारे में कोई सूचना है, तो सिटी कंट्रोल रूम देहरादून के नंबर 9411112972 पर संपर्क कर सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। एसएसपी की ओर से पहले इनामी राशि 25-25 हजार रुपये घोषित की गई थी। हत्याकांड के एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद भी बदमाश फरार हैं। ऐसे में बदमाशों पर इनामी राशि बढ़ाई गई है। बता दें कि 13 फरवरी को देहरादून कोतवाली डालनवाला क्षेत्र के पॉश इलाके राजपुर रोड में सिल्वर सिटी मॉल के अंदर झारखंड के गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। विक्रम सुबह जिम करके बाहर निकल रहा था, तभी सीढ़ियों के पास पहले से घात लगाए तीन शूटरों ने उसके सिर से पिस्टल सटाकर गोली मार दी थी। उसके बाद शूटर फरार हो गए थे। मामले में शूटरों की मदद करने वाले दो बदमाशों अक्षत ठाकुर और राजकुमार को उत्तराखंड पुलिस ओर एसटीएफ की संयुक्त टीम गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्या की साजिश करीब 6 महीने पहले जमशेदपुर जेल के भीतर रची गई थी।