उत्तराखण्डः फिर चर्चाओं में आए पूर्व विधायक चैंपियन! शादी समारोह में डांसर पर नोट उड़ाते दिखे, वायरल वीडियो से गरमाई सियासत
देहरादून। खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर चर्चाओं में हैं। उनका एक शादी समारोह में डांसर पर नोट उड़ाने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि चैंपियन सोफे पर बैठे हैं और वे लोगों के सिर पर नोट घुमाकर डांसर को पकड़ा रहे हैं। उनके चारों तरफ डांस देखने वालों की भीड़ लगी है। वीडियो वायरल होने के बाद सियासत गरमाती नजर आ रही है और लोग इसपर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो दिन पहले दिल्ली रोड स्थित एक शादी समारोह का है। बता दें कि पूर्व विधायक चैंपियन आए दिन विवादों में घिरते रहते हैं। विवादों के चलते वह कई बार सुर्खियों में आ चुके हैं। वर्ष 2006 में मगरमच्छों पर गोली चलाने और रोडवेज बस चालक पर फायरिंग के आरोपों से लेकर 2010 और 2013 में सार्वजनिक कार्यक्रमों में हवाई फायरिंग की घटनाएं चर्चा में रहीं। 2019 में भी वह एक पत्रकार से कथित अभद्रता के आरोप को लेकर खबरों में आए थे। हालांकि मौजूदा वायरल वीडियो को लेकर उनकी ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है और सियासी माहौल एक बार फिर गर्म होता नजर आ रहा है।