उत्तराखण्डः अभी से धधकने लगे जंगल! चमोली के चेपड़ों में लगी भीषण आग, काबू पाने में छूटे वन विभाग के पसीने
थराली। उत्तराखण्ड में गर्मी का मौसम अभी शुरू भी नहीं हुआ है कि जंगलों में आग धधकने लगी है। बदरीनाथ वन प्रभाग अंतर्गत मध्य पिंडर रेंज में चेपड़ों और सौगाव गांव के जंगलों में भीषण आग लगी हुई है। आग इतनी विकराल है कि चेपड़ों, खाड़ीबगड़, सौगांव जूनिधार और गोठिंडा के जंगलों तक फैल गई है, जिससे चेपड़ों गांव के गौशालाओं को खतरा पैदा हो गया है और ऊपर की तरफ आग की लपटें जूनिधार गांव तक पहुंच गई हैं। आग ने लगभग कई हेक्टेयर जंगल को अपने आगोश में ले लिया है, जिससे वन संपदा को काफी नुकसान पहुंच रहा है। आग लगने से जलते हुए पेड़ और पत्थर स्टेट हाईवे थराली देवाल मोटर मार्ग पर भी गिर रहे हैं। जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों और राहगीरों के लिए भी खतरा बना हुआ है। मध्य पिंडर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी मनोज देवराड़ी का कहना है कि आग बुझाने के लिए वन विभाग की टीम लगी हुई है, लेकिन रात होने और चट्टानों से लगातार पत्थर, पेड़ गिरने से आग पर काबू पाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आग की लपटों में कई छोटे-बड़े पेड़ जल गए हैं और जंगलों में रहने वाले वन्य जीवों के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि जंगल में आग लगाने वाले शरारती तत्वों का पता किया जा रहा है। वहीं आग लगने के कारण पूरे क्षेत्र में धुंध छा गई है, जिससे आंखों में जलन और श्वास के मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।