उत्तराखण्डः डॉ. विजेता बिष्ट को मिला यूकॉस्ट का ‘विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान-2026’! विज्ञान को सरल और प्रयोगधर्मी बनाकर छात्रों में जगाई जिज्ञासा
नैनीताल/देहरादून। विज्ञान शिक्षा को रोचक, सरल और प्रयोगधर्मी बनाने तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयासों के लिए डॉ. विजेता बिष्ट को विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट), देहरादून की ओर से आयोजित 21वें उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन-2026 में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। देहरादून स्थित विज्ञान धाम में आयोजित इस सम्मेलन के समापन समारोह में उत्तराखंड की पूर्व मुख्य सचिव तथा वर्तमान मुख्य सूचना आयुक्त राधा रतूड़ी और पूर्व पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 35 युवा वैज्ञानिकों को यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड तथा 3 युवा महिला वैज्ञानिकों को युवा महिला वैज्ञानिक पुरस्कार प्रदान किए गए। इन पुरस्कारों के माध्यम से वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी विकास के क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं के योगदान को प्रोत्साहित किया गया। सम्मेलन के अंतर्गत राज्य स्तरीय यूकॉस्ट विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2 का फाइनल भी आयोजित किया गया। डॉ. विजेता बिष्ट राजकीय बालिका हाईस्कूल, कनकपुर, जनपद नैनीताल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। वे विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाने, विद्यार्थियों में जिज्ञासा विकसित करने तथा शिक्षण में नवाचार और प्रयोगधर्मिता को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत हैं। उनका प्रयास है कि विद्यार्थी विज्ञान को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न समझें, बल्कि प्रयोगों, गतिविधियों और दैनिक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझें। डॉ. विजेता बिष्ट को इससे पूर्व भी शिक्षा एवं विज्ञान के क्षेत्र में योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उन्हें जिला श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान, देवभूमि उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान तथा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यूकॉस्ट द्वारा प्रदान किया गया विज्ञान प्रयोगधर्मी महिला सम्मान मिल चुका है।