उत्तराखंड : पेट्रोल दाम को लेकर धामी सरकार ने भी प्रदेश को दिया दीपावली तोहफ़ा कांग्रेस ने कहा चुनावी शिगूफा
उत्तराखंड 04 नवंबर 2021: दीपावली पर्व पर केंद्र की मोदी सरकार ने पेट्रोल पर 5 रूपए और डीजल 10 रुपए की एक्साइज ड्यूटी घटाने के फैसले के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी बड़ा ऐलान किया है। उत्तराखंड सरकार ने भी आगे आते हुए पेट्रोल पर 2 रुपए प्रति लीटर की अतिरिक्त राहत देने का निर्णय लिया है। जिसके बाद उत्तराखंड में पेट्रोल 7 रूपये सस्ता होगा।
सूबे के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि उत्तराखंड में पेट्रोल 7 रुपए सस्ता होगा। इसके साथ ही सीएम धामी ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर क्रमशः 5रुपए और 10 रुपए एक्साइज ड्यूटी घटाने के फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।
वही केंद्र के इस फैसले पर राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो एक दिन पहले जिस तरह से उपचुनाव के नतीजे सामने आए हैं उसने मोदी सरकार को एक संकेत जरूर दे दिया है। हिमाचल के सीएम ने तो आधिकारिक बयान में यह माना कि महंगाई की वजह से लोगों ने उनकी सरकार को वोट नहीं दिया। अब उत्तराखंड में कुछ माह बाद चुनाव हैं ऐसे में धामी सरकार की भी चिंता बढ़ गई हैं। जिसके चलते धामी सरकार ने भी आगामी चुनाव को देखते हुए पेट्रोल में ₹2 घटाकर जनता को लुभाने की कोशिश की है।
एक्साइज ड्यूटी घटाने की खबर आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार पर फिर से निशाना साधा है। ऊधम सिंह नगर के कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने हिमांचल प्रदेश के उपचुनाव के नतीजों को लेकर देशवासियों को बधाई दी है और टैक्सजीवी मोदी सरकार को सबक सिखाने के लिए धन्यवाद भी किया है।
उन्होंने कहा कि जनता याद करे कि मई 2014 में पेट्रोल ₹71.41 व डीजल 55.49 रुपए था तब कच्चा तेल 105.71 डॉलर/बैरल था। आज कच्चा तेल 82 बैरल है लेकिन सरकार ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कम हुए तेल की कीमतों के बावजूद घरेलू बाजार में तेल की कीमतों को कम नही किया है , और आज मात्र कुछ रुपये कम कर चुनावी दांव खेल दिया है , अब जनता को तय करना है कि आगामी चुनाव में वो किसे देश की सत्ता सौंपती है।