उत्तराखण्डः महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी हल्लाबोल! जगह-जगह सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, भाजपा सरकार के पुतले फूंके

 Uttarakhand: Congress launches statewide protest against inflation! Workers take to the streets, burning effigies of the BJP government.

देहरादून। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ी कीमतों के विरोध में कांग्रेस पार्टी रविवार को सड़कों पर उतर आई। इस दौरान प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतले दहन किए और महंगाई को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। राजधानी देहरादून समेत प्रदेशभर में कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आम जनता को राहत देने की मांग उठाई। राजधानी देहरादून के ऐतिहासिक एस्ले हॉल चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पहले रसोई गैस सिलेंडर के दामों में भारी वृद्धि की गई और उसके बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ दी गई है। लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता पहले ही परेशान है और अब सरकार के फैसलों ने हालात और अधिक कठिन बना दिए हैं। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जसविंदर गोगी ने कहा कि आज महंगाई चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से गृहणियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है, वहीं पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन खर्च बढ़ने के कारण हर वस्तु महंगी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता की समस्याओं से बेखबर होकर केवल दिखावटी कार्यों में व्यस्त है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरेंद्र बिष्ट ने कहा कि इस समय पूरा देश महंगाई की मार झेल रहा है और उत्तराखंड भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि कर सरकार ने आम आदमी पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। इसके साथ ही खाद्य तेल, दाल, आटा और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।