उत्तराखण्डः देहरादून गोलीकांड पर सीएम धामी का सख्त एक्शन! दो पुलिसकर्मी निलंबित, प्रदेशभर में चेकिंग के आदेश
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में हुए सनसनीखेज गोलीकांड और रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा एक्शन लिया है। घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए सीएम धामी ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है और तत्काल प्रभाव से दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर क्षेत्र-3 मसूरी के उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह और कुठालगेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को सस्पेंड किया गया है। सीएम धामी ने साफ कहा है कि राज्य में कानून-व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। घटना के बाद मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पूरे प्रदेश में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए। उन्होंने अवांछित तत्वों, हुड़दंग करने वालों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही रोड रेज, फायरिंग और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल 30 मार्च की सुबह जोहड़ी गांव में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक कुठालगेट स्थित जेन-जी क्लब में बिल को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन सड़क पर हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो कार सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उस पर फायरिंग कर दी। इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी गोलीबारी की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल ज्यादातर आरोपी छात्र हैं, जो देर रात तक क्लब में मौजूद थे। जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित क्लब देर रात करीब 2ः30 बजे तक खुला था, जो नियमों के उल्लंघन की ओर इशारा करता है। इस पर भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा। लोगों ने मौके पर पहुंचे एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के सामने ही पुलिस व्यवस्था पर नाराजगी जताई और इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सवाल उठाए। सीएम धामी ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर स्तर पर सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने पुलिस को मुस्तैदी के साथ काम करने और ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।