उत्तराखण्डः खटीमा पहुंचे सीएम धामी! 7.15 करोड़ की भव्य सीएसडी कैंटीन का लोकार्पण, सैनिक सम्मान समारोह में वीरों को किया सम्मानित
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज गुरूवार को अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने नगर पालिका क्षेत्र में लगभग 7 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक सीएसडी कैंटीन भवन का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कैंटीन परिसर का स्थलीय निरीक्षण भी किया और पूर्व सैनिकों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य सैनिक सम्मान समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम में उन्होंने 60 वीर वीरांगनाओं और 80 पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने स्वर्गीय पिता सूबेदार शेर सिंह धामी को भी याद किया और उनकी तस्वीर पर अपनी माता विशना देवी और पत्नी गीता धामी के साथ पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा में भव्य सीएसडी कैंटीन बनाना उनका पुराना सपना था, जो आज साकार हुआ है। उन्होंने बताया कि बचपन में अपने सैनिक पिता के साथ बनबसा कैंटीन जाते समय उन्होंने पूर्व सैनिकों की समस्याओं को करीब से देखा था। तभी से उनके मन में खटीमा में एक बेहतर सुविधा वाली कैंटीन बनाने का विचार था। सीएम धामी ने कहा कि उनकी सरकार सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान और सुविधाओं के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में सैनिकों के कल्याण के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी समेत कई जनप्रतिनिधि और सैनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।