उत्तराखण्डः पंतनगर विवि पहुंचे सीएम धामी! किसान मेले का किया शुभारंभ, प्रगतिशील किसानों को किया सम्मानित
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ऊधम सिंह नगर जिले के दौरे पर हैं। उन्होंने पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इससे पहले यहां पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। शुभारंभ के बाद सीएम धामी ने मेले में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया। किसानों से संवाद किया और प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। कृषि वैज्ञानिकों तथा किसानों से नई तकनीकों और आधुनिक कृषि उपकरणों की जानकारी ली। इसके बाद विवि सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। सीएम धामी ने कहा इस किसान मेले में 350 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां किसानों को एक ही स्थान पर कृषि से जुड़ी नई तकनीक, उन्नत बीज, आधुनिक उपकरण और वैज्ञानिकों से सीधे संवाद का अवसर मिल रहा है। ऐसे आयोजनों से किसानों को नई जानकारी और आधुनिक खेती के तरीके सीखने में काफी लाभ मिलता है। सीएम धामी ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं। उनकी मेहनत तथा समर्पण से ही देश और प्रदेश की समृद्धि संभव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। किसानों की ताकत से ही देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसानों को देश की आत्मा मानते हैं और उनकी आय बढ़ाने तथा समृद्धि के लिए लगातार काम कर रहे हैं।