उत्तराखण्डः आज बचपन की दोस्त वंशिका के साथ सात फेरे लेंगे ‘चाइनामैन’ कुलदीप यादव! शादी समारोह में सितारों का जमावड़ा, मसूरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
मसूरी। उत्तराखण्ड में क्रिकेट जगत के तमाम दिग्गजों का जमावड़ा लगा हुआ है। पहाड़ों की रानी मसूरी में आज शनिवार को भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। मसूरी में वह बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी रचाएंगे। इस समारोह में शामिल होने के लिए पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, युजवेंद्र चहल सहित कई हस्तियां पहुंची हैं। इस दौरान मसूरी के सेवॉय होटल को दुल्हन की तरह सजाया गया है। शादी का जो निमंत्रण कार्ड है, उसके अनुसार आज शाम 4 बजे से विवाह समारोह शुरू हो जाएगा। वरमाला का समय शाम 6 बजे निर्धारित है। कुलदीप यादव वंशिका के साथ 7 फेरे रात 8 बजे लेंगे। इससे पहले शुक्रवार को प्री वेडिंग फंक्शन में शादी समारोह के कई फंक्शन संपन्न हुए। हल्दी, मेहंदी कार्यक्रम सुबह 10ः30 बजे से शुरू हो गए थे, जो संपन्न हो गए हैं। हल्दी और मेहंदी के बाद संगीत और म्यूजिकल इवनिंग का शादी में शामिल होने आए मेहमानों ने आनंद लिया। होटल के प्रांगण में दूल्हा-दुल्हन और मेहमान नाचते नजर आए थे। संगीत समारोह के वीडियो में भारतीय क्रिकेट टीम में कुलदीप यादव के स्पिन जोड़ीदार रहे युजवेंद्र चहल सबसे ज्यादा नाचते दिखे। रिंकू सिंह अपनी मंगेतर सांसद प्रिया सरोज के साथ संगीत समारोह में नाचते दिखे थे। इस समारोह में मेहमानों के लिए पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ उत्तराखंडी खाने का भी खास इंतजाम किया गया है। शादी में भारतीय क्रिकेट टीम के कई बड़े खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है, इसलिए आयोजन स्थल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। होटल परिसर में केवल आमंत्रित मेहमानों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और होटल प्रबंधन ने कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।