उत्तराखण्डः नैनीताल में दुकानें 11 बजे बंद कराने पर बवाल! व्यापारियों का कोतवाली में प्रदर्शन, जबरदस्त नारेबाजी
नैनीताल। नैनीताल में पुलिस प्रशासन द्वारा रात 11 बजे के बाद दुकानों को बंद कराने को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी को लेकर आज नगर के व्यापारियों ने नैनीताल कोतवाली पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और धरना देकर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का कहना है कि पुलिस रोजाना रात 11 बजे के बाद दुकानों को जबरन बंद करा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन सिंह नेगी का कहना है कि प्रशासन की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, जिसमें दुकानों को रात 11 बजे तक ही खोलने की बात कही गई हो। उनका कहना है कि नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन स्थल है और रात में दुकानें बंद होने से न सिर्फ व्यापारियों को नुकसान हो रहा है, बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों को भी कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो व्यापारी आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे। वहीं इस मामले में एसपी जगदीश चंद्रा का कहना है कि जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण के लिए व्यापारियों से रात 11 बजे के बाद अपने प्रतिष्ठान बंद करने का अनुरोध किया गया था। उन्होंने कहा कि यदि होटल या रेस्टोरेंट रात में खुले रखना चाहते हैं तो उन्हें अपने यहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी, ताकि व्यापारियों और पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा न हो।