उत्तराखंड:,बीजेपी के घोषणापत्र दृष्टि पत्र का हुआ विमोचन,बीजेपी की सरकार बनी तो सशक्त भू कानून होगा लागू,गरीबो को मिलेंगी ये सुविधाएं
उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। भाजपा ने इसे उत्तराखण्ड दृष्टि पत्र का नाम दिया है। घोषणा पत्र में भाजपा ने प्रदेश की जनता से कई वायदे किए हैं इसमें हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की बात कही गयी है। आज केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा ‘दृष्टि पत्र’ का विमोचन किया गया। भाजपा के घोषणा पत्र की मुख्य बातों पर नजर डालें तो इसमें कहा गया है कि पूर्व सैनिकों को सीमावर्ती क्षेत्रों में बसने के लिए मदद दी जाएगी। 45 नए स्पाट टूरिज्म विकसित किए जाएंगे। छह हजार केंद्र और छह हजार राज्य सरकार किसान सम्मान निधि देगी। वहीं हर जिले में मेडिकल कालेज बनाने की बात भी कही गयी है। बीपीएल परिवार की मुखिया को तीन हजार रूपए देने और उत्तराखंड में सशक्त भू-कानून लागू करने की बात भी घोषणा पत्र में कही गयी है। इससे पूर्व देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दृष्टि पत्र का विमोचन किया।
बीजेपी का मेनिफेस्टो जारी करते हुए रमेश पोखरियाल ने कहा, 13 जिलों में जाकर अलग-अलग लोगों से सुझाव मांगे जिनमें सैनिक, किसान, महिलाएं युवा शामिल हैं. हर विधानसभा में मोबाइल टीम भेजी गईं, वे वहां पर सुझाव पेटियां रखीं. लोगों से पूछा गया कि आप कैसा उत्तराखंड चाहते हैं.'रमेश पोखरियाल ने कहा कि हम उत्तराखंड को 2025 तक देश का श्रेष्ठतम राज्य बनाना चाहते हैं. सुरक्षित देवभूमि चाहते हैं, भूमि पर अवैध कब्जे के कारण जनसांख्यिकी परिवर्तन हो रहा है, हम इसके लिए कानून लाएंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि 6 हज़ार केंद्र और 6 हज़ार राज्य सरकार देगी. यानी किसानों के खाते में 12 हज़ार जाएगा. उन्होंने कहा कि हरिद्वार को योग की राजधानी बनाने का हमारा मिशन है. गरीब महिलाओं को आत्मनिर्भर करने की योजना है. गरीब घरों को साल में 3 सिलेंडर निशुल्क दिए जाएंगे. इसके अलावा बीपीएल परिवार की महिलाओं को 2000 प्रतिमाह, गरीब बच्चों को 1 हज़ार प्रति माह दिया जाएगा.
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा सहित आदि लोग मौजूद रहे।