उत्तराखण्ड: जबरदस्त विरोध के बाद बदले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के सुर! विवादित टिप्पणी पर मांगी माफी

Uttarakhand: BJP State President Mahendra Bhatt changes his tune after massive backlash! Apologizes for controversial remark.

देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने छात्रों को लेकर दिए गए अपने विवादित बयान पर आखिरकार माफी मांग ली है। उनके इस बयान के बाद राज्यभर में छात्रों, युवाओं और विभिन्न छात्र संगठनों के बीच भारी नाराजगी देखने को मिली थी। मामला लगातार तूल पकड़ता गया और उत्तराखंड बेरोजगार संघ समेत कई संगठनों ने इसे छात्रों का अपमान बताते हुए सार्वजनिक माफी और इस्तीफे की मांग कर दी थी। बढ़ते विरोध और राजनीतिक दबाव के बीच महेंद्र भट्ट को अपना बयान वापस लेते हुए खेद व्यक्त करना पड़ा। दरअसल, शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उत्तराखण्ड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने छात्रों के लिए कथित तौर पर 'सालों' शब्द का प्रयोग किया। इस शब्द को लेकर प्रदेशभर में खासा आक्रोश देखने को मिला और सियासत भी गरमा गई। विपक्षी दलों और छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि उनके बयान से देशभर के छात्रों और युवाओं का अपमान हुआ है। कांग्रेस ने इसे भाजपा की छात्र विरोधी मानसिकता करार देते हुए तीखा हमला बोला, जबकि उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक माफी नहीं मांगने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दे दी। संगठन ने यह भी कहा कि केवल माफी नहीं, बल्कि ऐसे बयान देने वाले नेताओं की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। इधर लगातार बढ़ते विरोध के बीच महेंद्र भट्ट ने सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उनके बयान से किसी छात्र, युवा या अभिभावक की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका दुख है और वह अपने शब्द वापस लेते हैं।