बड़ी खबरः हल्द्वानी के गोरापड़ाव में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने मचाया तांडव! ऑफिस से लाखों की नकदी और कीमती सामान लूटे, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने देर रात एक ऑफिस में घुसकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। मंडी चौकी क्षेत्र में हुई इस घटना में करीब 10 से 12 बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। बदमाशों ने हथियारों के बल पर ऑफिस में मौजूद लोगों को डराया और करीब आठ लाख रुपये की नकदी, सोने की दो चेन और 12 मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि वारदात बीती देर रात गोरापड़ाव क्षेत्र में मंडी चौकी के अंतर्गत हुई। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, हथियारों से लैस बदमाशों का एक समूह अचानक ऑफिस में पहुंचा। बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों को हथियारों के बल पर भयभीत किया और इसके बाद ऑफिस में रखी नकदी व अन्य कीमती सामान अपने कब्जे में ले लिया। कुछ ही देर में वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाश करीब आठ लाख रुपये नकद, सोने की दो चेन और 12 मोबाइल फोन अपने साथ ले गए हैं। हालांकि लूटी गई रकम और सामान की अंतिम पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में भी दहशत का माहौल है। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। बदमाशों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बदमाश किस दिशा में भागे और वारदात में किन वाहनों का इस्तेमाल किया गया। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। आसपास के इलाकों के साथ ही जिले की सीमाओं और बॉर्डर क्षेत्रों में भी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध वाहनों और आने.जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
ऑफिस में चल रही गतिविधियों की भी जांच
पुलिस के मुताबिक, जिस ऑफिस में लूट की घटना हुई है, वहां किसी अन्य तरह की गतिविधि संचालित होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। ऑफिस से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी रकम वहां क्यों रखी गई थी और बदमाशों को नकदी व अन्य सामान की जानकारी कैसे मिली। जांच अधिकारी वारदात के पीछे किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका या बदमाशों को पहले से मिली सूचना के एंगल को भी खंगाल रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
घटना में बदमाशों की संख्या को लेकर फिलहाल 10 से 12 लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। उनके पास कितने हथियार थे, वारदात में कौन-कौन से वाहन इस्तेमाल किए गए और बदमाश किस रास्ते से फरार हुए, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के अलावा घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि घटना बीती देर रात की है और बदमाशों ने बंदूक के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगाई गई हैं।