उत्तराखण्डः ट्रैक्टर से कार सवार को कुचलने की कोशिश! नैनीताल पुलिस ने 12 घंटे में गिरफ्तार किया आरोपी, अवैध तमंचा बरामद
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जानलेवा हमले के आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मामला कालाढूंगी क्षेत्र का है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर ट्रैक्टर से हमला किया गया। यह घटना 31 मार्च की रात करीब 9ः30 बजे चकलुवा क्षेत्र की है। पीड़ित हिमांशु देऊपा अपनी नई कार से ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। तभी आरोपी प्रवीण सिंह देऊपा ने अपने ट्रैक्टर से उनकी कार पर बार-बार टक्कर मारते हुए जान से मारने की कोशिश की। हमला इतना खतरनाक था कि कार में सवार हिमांशु और उनके साथी को चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। मामले में कालाढूंगी कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा और सीसीटीवी फुटेज के साथ मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच शुरू की। कई टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश में दबिश दी गई। तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आज 1 अप्रैल को आरोपी प्रवीण सिंह देऊपा को नैनीताल रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया है। इतना ही नहीं आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से खनन सामग्री को लेकर विवाद चल रहा था, जो इस हमले की वजह बना। पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक पंकज जोशी, एसआई राजेश जोशी, एसआई राजवीर नेगी, एसआई पूजा रानी, एएसआई कैलाश चंद्र भट्ट, कांस्टेबल अमनदीप, किशन गोस्वामी, अखिलेश तिवारी, अरविंद बिष्ट शामिल रहे।