उत्तराखण्डः 15 अप्रैल से अल्मोड़ा-पंतनगर हवाई सेवा शुरू! मिनटों में पूरा होगा घंटों का सफर, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

Uttarakhand: Almora-Pantnagar air service resumes on April 15! Hours-long journeys will be completed in minutes, providing significant relief to passengers.

अल्मोड़ा/पंतनगर। उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब अल्मोड़ा से पंतनगर का सफर आसान और तेज होने जा रहा है। हवाई सेवा प्रदाता पवन हंस आगामी 15 अप्रैल से अल्मोड़ा-पंतनगर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने जा रहा है, जिससे यात्रियों का घंटों का सफर अब महज कुछ मिनटों में पूरा हो सकेगा। अभी तक अल्मोड़ा से पंतनगर का सफर सड़क मार्ग से तय करने में करीब 5 से 6 घंटे लगते हैं। जाम या खराब मौसम के कारण यह समय और भी बढ़ जाता है। खासकर बरसात के मौसम में क्वारब क्षेत्र में भूस्खलन होने से सड़कें बंद हो जाती हैं, जिससे यात्रियों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ता है। नई हवाई सेवा शुरू होने के बाद अब यह सफर मात्र 15 मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जिससे यात्रियों को समय और परेशानी दोनों से राहत मिलेगी। इस सेवा के तहत पवन हंस का 13 सीटों वाला हेलीकॉप्टर संचालित किया जाएगा। इस हेलीकॉप्टर सेवा का अनुमानित किराया करीब 2000 रुपये रखा गया हैए जिससे यह आम यात्रियों के लिए भी सुलभ बनने की उम्मीद है। यह हेली सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और अलग-अलग दिनों में इसका शेड्यूल निर्धारित किया गया है। इस हवाई सेवा के शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की संभावना है। 

हेली सेवा का शेड्यूल

सोमवार, शुक्रवार और शनिवार।
सुबह 8:30 बजे देहरादून से उड़ान भरकर 9:25 बजे अल्मोड़ा पहुंचेगा।
अल्मोड़ा  से 9:30 बजे उड़ान भरकर 10 बजे पंतनगर पहुंचेगा।
पंतनगर से 10:30 बजे उड़ान भरकर 10:53 बजे नैनीताल पहुंचेगा।
नैनीताल से 10:58 बजे उड़कर 11:21 बजे  पंतनगर पहुंचेगा।
पंतनगर से 11:51 उड़ान भरकर 12:21 बजे अल्मोडा पहुंचेगा।
अल्मोड़ा से 12:26 बजे उड़कर 1:21 बजे देहरादून पहुंचेगा।


मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार
देहरादून से 8:30 बजे उड़कर 9:25 बजे अल्मोड़ा पहुंचेगा।
अल्मोड़ा से 9:30 बजे उड़ान भरकर 10 बजे पंतनगर पहुंचेगा।
पंतनगर से 10:30 बजे उड़ान भरकर 11 बजे अल्मोड़ा पहुंचेगा।
अल्मोड़ा से 11.05 बजे उड़ान भरकर 12 बजे देहरादून पहुंचेगा।