उत्तराखण्डः देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू! 15 घंटे का सफर अब सिर्फ 1 घंटे में, पर्यटन और व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार

Uttarakhand: Air service resumes between Dehradun and Pithoragarh! A 15-hour journey now takes just one hour, boosting tourism and trade.

देहरादून। उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच नई हवाई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। यह उड़ान सेवा क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत शुरू की गई है, जिसे 42 सीटर विमान के जरिए संचालित किया जाएगा। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब देहरादून से पिथौरागढ़ की लंबी दूरी, जो पहले सड़क मार्ग से लगभग 15 घंटे में तय होती थी, अब महज एक घंटे में पूरी की जा सकेगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस सेवा से गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के बीच आवागमन आसान होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब बेहतर और तेज हवाई कनेक्टिविटी मिल सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस पहल से पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी। इसके अलावा आपातकालीन स्थितियों और आपदा प्रबंधन में भी यह सेवा बेहद कारगर साबित होगी। राज्य में एविएशन सेक्टर के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड में हेलीपोर्ट और हेलीपैड की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच आसान हुई है। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के अंतिम छोर तक विकास की पहुंच सुनिश्चित हो और आधुनिक कनेक्टिविटी के जरिए पहाड़ी क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा जाए। नई हवाई सेवा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।