उत्तराखण्डः पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची नाबालिग निकली गर्भवती! दिया बच्ची को जन्म, संरक्षक ने नवजात को अपनाने से किया इनकार
रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड के रुद्रप्रयाग जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां एक नाबालिग छात्रा ने बच्ची को जन्म दिया है। बाल कल्याण समिति के निर्देश पर नवजात शिशु को स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी रुद्रप्रयाग के सुपुर्द कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार 9वीं कक्षा की छात्रा को परिजन पेट दर्द की शिकायत पर जिला अस्पताल लाए थे। प्राथमिक जांच के बाद उसे बेस चिकित्सालय श्रीनगर रेफर किया गया, जहां अल्ट्रासाउंड में गर्भावस्था की पुष्टि हुई। इस खबर से परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद में छात्रा ने बच्ची को जन्म दिया। इधर बच्ची के संरक्षक ने नवजात को अपनाने से इनकार कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना बाल कल्याण समिति को दी। समिति के निर्देश पर शिशु को विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण को सौंप दिया गया। प्रबंधक पुनीत चौकियाल ने बताया कि दो माह बाद केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (कारा) पोर्टल के माध्यम से विधिक दत्तक ग्रहण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक रंजना गैरोला ने बताया कि मामले में दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। वहीं मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।