उत्तराखण्डः पौड़ी में मामूली विवाद के बाद जबरदस्त बवाल! गुस्साए लोगों ने दुकान में की ताड़फोड़, तनाव के बीच पुलिस अलर्ट

Uttarakhand: A minor dispute sparks a massive uproar in Pauri! Angry people vandalize a shop, and police are on alert amid tensions.

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में आज गुरूवार को एक मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे रामलीला मैदान के पास की है। स्थानीय युवक नवीन नेगी अपनी कार से जा रहे थे, तभी उनकी गाड़ी का साइड मिरर सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग से टकरा गया। इसी छोटी सी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बुजुर्ग पक्ष के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और माहौल गरमा गया। इसी दौरान एक युवक ने अचानक नवीन नेगी पर कैंची से हमला कर दिया। हमले में उनके कान के पास गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। उधर घटना से नाराज कुछ लोगों ने आरोपियों से जुड़ी एक दुकान पर तोड़फोड़ कर दी और सामान सड़क पर फेंक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियातन कई दुकानों को बंद कर दिया गया है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।