उत्तराखण्डः पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों में विवाद! मारपीट में बीटेक के छात्र की मौत, तीन आरोपित गिरफ्तार

Uttarakhand: A dispute between two groups stems from an old rivalry! A B.Tech student dies in the scuffle, and three suspects are arrested.

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, यहां केहरी गांव में छात्रों के दो गुटों में छिड़े खूनी संघर्ष में एक छात्र की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार किए गए छात्र प्रेमनगर स्थित निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते हैं। कुल 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। 

जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात थाना प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली कि केहरी गांव में कुछ युवकों के बीच आपसी मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उसके साथियों द्वारा इलाज के लिए प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया है। सूचना के बाद थाना प्रेमनगर पुलिस सीएससी प्रेमनगर पहुंची। इससे पहले घायल युवक 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना निवासी मुजफ्फरनगर की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया था। अस्पताल में एम्बुलेंस खराब होने पर पुलिस ने घायल युवक को अपने सरकारी वाहन से इलाज के लिए दून अस्पताल लेकर गई। साथ ही घायल युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन भी दून अस्पताल पहुंचे। दून अस्पताल में घायल युवक की इलाज के दौरान देर रात में मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के संबंध में परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया है कि घटना के संबंध में जानकारी करने पर पता चला कि दोनों पक्षों के युवक प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत हैं और कॉलेज में आपसी वर्चस्व को लेकर उनके बीच पुरानी रंजिश थी। इसी के चलते 23 मार्च की रात को दोनों पक्षों के बीच आपस में विवाद और मारपीट की घटना हुई थी। जिसके बाद मुकदमे में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 3 आरोपी युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा को हिरासत में लिया है। साथ ही घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। वहीं घटना के बाद मृतक छात्र के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।