उत्तराखंड: 83 लाख 37 हजार मतदाता करेंगे लोकसभा प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला! जानिए पुरुष-महिलाओं की संख्या
देहरादून। उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर मतदान करने वालों की नामावली तैयार हो चुकी है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने अपने बयान में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 निर्वाचक नामावली को अंतिम रूप दिया गया। निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के समय राज्य में 83 लाख 37 हजार 914 मतदाता दर्ज हुए, जो 5 लोकसभा सीट पर खड़े प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे के मुताबिक, उत्तराखंड में 83 लाख 37 हजार 914 मतदाता हैं। इसमें 43 लाख 17 हजार 579 पुरुष और 40 लाख 20 हजार 38 महिला मतदाता शामिल हैं, जबकि थर्ड जेंडर के मतदाताओं की 297 हैं। वहीं सर्विस वोटरों की संख्या 93 हजार 187 हैं, जिसमें 90 हजार 554 पुरुष सर्विस वोटर और 2633 महिला सर्विस वोटर हैं।
राज्य में कुल 11 हजार 729 पोलिंग स्टेशन बनाये गये हैं। 12 पोलिंग पार्टियां मतदान से तीन दिन पूर्व पोलिंग स्टेशन के लिए प्रस्थान करेंगीं। इसमें 11 पोलिंग स्टेशन उत्तरकाशी जनपद में और 01 पोलिंग स्टेशन पिथौरागढ़ जनपद में चिन्हित किया गया है। 705 पोलिंग पार्टियां मतदान से दो दिन पूर्व पोलिंग स्टेशन के लिए प्रस्थान करेगी। 11 हजार 12 पोलिंग पार्टियां मतदान से एक दिन पूर्व पोलिंग स्टेशन के लिए प्रस्थान करेगी। मतदान से दो दिन पूर्व प्रस्थान करने वाली सर्वाधिक पौड़ी जनपद में 181 और अल्मोड़ा जनपद में 136 पोलिंग पार्टियां हैं।
