नैनीताल जू के डिवीजन ऑफिस में अचानक लगी आग! धुआं उठता देख मचा हड़कंप, बड़ा नुकसान टला
नैनीताल। नैनीताल उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान के डिवीजन ऑफिस में गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कार्यालय में सफाई का काम चल रहा था, इसी दौरान एक कर्मचारी की नजर कमरे से उठते धुएं पर पड़ी। कर्मचारी ने बिना देर किए इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित किया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया और उसे कार्यालय के दूसरे हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया। समय रहते आग की जानकारी मिलने और फायर टीम के तत्काल पहुंचने से बड़ा नुकसान होने से बच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग कार्यालय के एक हिस्से में लगी थी। हालांकि, आग की लपटें दूसरे हिस्सों तक पहुंचने से पहले ही अग्निशमन कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। विभागीय स्तर पर आग लगने की वजह की जांच की जा रही है। इसके साथ ही कार्यालय के भीतर आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। यह भी देखा जा रहा है कि आग की चपेट में कार्यालय का कौन-कौन सा सामान और रिकॉर्ड आया है। घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। राहत की बात यह रही कि आग ज्यादा देर तक नहीं फैली और समय रहते उस पर काबू पा लिया गया। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कार्यालय में आग आखिर किन परिस्थितियों में लगी और इससे कितना नुकसान हुआ।