‘राहुल मियां’ वाले बयान पर घमासानः कांग्रेसियों में जबरदस्त आक्रोश, नितिन नवीन वापस जाओ के नारे लगाए, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की शैक्षिक योग्यता पर उठाए सवाल
हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘राहुल मियां’ कहकर संबोधित करने वाले बयान ने उत्तराखंड की सियासत गरमा दी है। हल्द्वानी में दिए गए बयान के बाद कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला और उनके संबोधन को राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। बुद्ध पार्क में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘नितिन नवीन वापस जाओ’ के नारे भी लगाए। हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। दरअसल, हल्द्वानी में आयोजित उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कार्य समिति की बैठक में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भारतीय संस्कृति और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को लेकर कई आरोप लगाए। इसी दौरान उन्होंने राहुल गांधी को ‘राहुल मियां’ कहकर संबोधित किया। नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेता भारतीय संस्कृति के महत्व को नहीं समझते और विदेशी संस्कृति से प्रभावित हैं। नितिन नवीन के बयान के सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे मुद्दा बना लिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा अध्यक्ष के बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन संवैधानिक पद पर बैठे नेता के लिए सार्वजनिक मंच से इस तरह का संबोधन उचित नहीं है। कांग्रेसियों ने नितिन नवीन की शैक्षिक योग्यता को लेकर भी सवाल उठाए और राहुल गांधी की शिक्षा का हवाला देते हुए भाजपा अध्यक्ष पर निशाना साधा। कांग्रेसियों का कहना है कि भाजपा के इंटर पास राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पोस्ट-ग्रेजुएट राहुल गांधी को ‘राहुल मियां’ कह रहे हैं। कांग्रेसियों ने इसपर कड़ा ऐतराज जताते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की डिग्री पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा नेतृत्व राजनीतिक बहस को व्यक्तिगत टिप्पणियों की ओर ले जा रहा है, जबकि जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।
वंदे मातरम को लेकर भी छिड़ी सियासी बहस
भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक में नितिन नवीन ने ‘वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों के लोग वंदे मातरम के महत्व को नहीं समझते। उन्होंने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि वे इसके महत्व को नहीं समझ सकते। नितिन नवीन ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भारतीय संस्कृति से दूरी का आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस को वंदे मातरम के पूरे गान से आपत्ति है। उनके इस बयान ने पहले से चल रही राजनीतिक बहस को और तीखा कर दिया। कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष के इन आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी करार देते हुए कहा कि राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति पर किसी एक दल का एकाधिकार नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि देशभक्ति को लेकर प्रमाणपत्र बांटने के बजाय सरकार और राजनीतिक दलों को जनता से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए। नितिन नवीन के बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में जुटे। यहां उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष को अपने बयान पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘नितिन नवीन वापस जाओ’ के नारे लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए रखी। पुलिस की मौजूदगी के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध जारी रखा।