UKSSSC: आयोग ने घोषित की नई तिथि! पेपर लीक के चलते रद्द हुआ था एग्जाम, अब इस दिन होगी परीक्षा

UKSSSC: Commission announces new date! Exam cancelled due to paper leak, now scheduled on this date

देहरादून। उत्तराखंड के हजारों अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। अब यह परीक्षा 17 मई को होगी। इसके अलावा तकनीकी पदों की परीक्षा तीन मई को आयोजित की जाएगी। यह वही परीक्षा है, जिसे पहले पेपर लीक के कारण रद्द कर दिया गया था, जिससे युवाओं में भारी निराशा और आक्रोश देखने को मिला था। दरअसल 21 सितंबर 2025 को प्रदेशभर में यह परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन परीक्षा के दौरान ही प्रश्नपत्र के कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। इस घटना ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया था। अभ्यर्थियों ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए थे। मामला गंभीर होता देख राज्य सरकार को हस्तक्षेप करना पड़ा और अंततः परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया। अब उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सभी जरूरी जांच और औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। आयोग का कहना है कि इस बार परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से कराई जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे। नई तारीख घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों में फिर से उम्मीद जगी है। लंबे समय से तैयारी कर रहे युवाओं को अब अपनी मेहनत दिखाने का एक और मौका मिलेगा। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारियां समय-समय पर प्राप्त करते रहें। 17 मई को परीक्षा तिथि तय की है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में तकनीकी अर्हताओं से संबंधित 18 तरह के पदों की भर्ती परीक्षा तीन मई को होगी। इन पदों के लिए कुल 5872 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आयोग की ओर से इन पदों की परीक्षा टैब से कराई जाएगी।

सीएम धामी ने दिए थे सीबीआई जांच के आदेश
इस पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री को भी सामने आना पड़ा था और मामले की जांच के लिए सीबीआई जांच के आदेश दिए गए थे। इसके बाद से ही अभ्यर्थियों के बीच नई परीक्षा तिथि को लेकर असमंजस बना हुआ था। युवा लगातार मांग कर रहे थे कि जल्द से जल्द नई तारीख घोषित की जाए, ताकि उनकी तैयारी बेकार न जाए।