ऊधम सिंह नगरः मामूली बात पर भिड़े दो पक्ष! जसपुर के महुआडाबरा में मची अफरा-तफरी, तनाव के बीच पुलिस बल तैनात
जसपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर के महुआडाबरा नगर पंचायत में उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गयी और मामले ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने लाठी-डण्डे निकाल लिए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। हमले में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते पुलिस महकमा भी अलर्ट हो गया। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक घटना की शुरुआत एक बुलेट मोटरसाइकिल को सड़क से निकालने को लेकर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक निकालने के दौरान रास्ता देने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ता चला गया और दोनों ओर से लोग इकट्ठा हो गए। कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। इस दौरान एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में स्थानीय सभासद शाकिर भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गयाय चिकित्सकों ने एक घायल की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने पीड़ित सभासद की तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।