ऊधम सिंह नगरः विजिलेंस का बड़ा एक्शन! रिश्वत लेते ASI रंगे हाथ गिरफ्तार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Udham Singh Nagar: Major vigilance action! ASI arrested red-handed while accepting bribe, causing panic within the police department.

रुद्रपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग में तैनात एएसआई को गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार दिनेशपुर निवासी शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके नाम पर थाना गदरपुर में दर्ज बिजली चोरी के मुकदमे की विवेचना कर रहे एएसआई अनवर अहमद द्वारा केस को खत्म करने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत आज 24 फरवरी को आरोपी एएसआई को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी वर्तमान में थाना दिनेशपुर, जनपद उधम सिंह नगर में तैनात था और लंबे समय से विवेचना के नाम पर शिकायतकर्ता पर दबाव बना रहा था। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।